
राज्यसभा चुनाव को लेकर बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। कल तक चर्चा थी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राज्यसभा भेजा जा सकता है और वे राजनीति में एंट्री लेंगे। लेकिन अब नई जानकारी सामने आ रही है कि खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं।
सूत्रों के मुताबिक राज्यसभा चुनाव को लेकर सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार गुरुवार को राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इस खबर के सामने आते ही बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है और अलग-अलग राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं।
इस बीच सांसद पप्पू यादव ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जब जनादेश नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाए रखने के लिए मिला था, तो तीन महीने के भीतर बीजेपी उस जनादेश का हरण क्यों कर रही है। उन्होंने कहा कि जनादेश का अपमान भाजपा को बहुत भारी पड़ेगा।
हालांकि अभी तक इस मामले में जदयू या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अगर वे राज्यसभा के लिए नामांकन करते हैं तो बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।


