VTR से सटे गंडक कॉलोनी में दहशत: बेडरूम में घुसा विशालकाय अजगर, बिल्ली के दो बच्चों को निगला, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

Valmiki Tiger Reserve से सटे रिहायशी क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा मामला जल संसाधन विभाग के ऊपरी शिविर स्थित तीन नंबर पहाड़ गंडक कॉलोनी का है, जहां एक घर के बेडरूम में विशालकाय अजगर घुस आने से हड़कंप मच गया। अजगर ने कमरे में मौजूद बिल्ली के दो मासूम बच्चों को अपना शिकार बना लिया।

बिल्ली की आवाज से खुला पूरा मामला

जानकारी के अनुसार गंडक कॉलोनी निवासी मुकेश श्रीवास्तव के घर के बेडरूम में एक बिल्ली ने हाल ही में बच्चों को जन्म दिया था। इसी दौरान जंगल क्षेत्र से भटककर एक बड़ा अजगर घर के भीतर प्रवेश कर गया।

घटना का पता तब चला जब बिल्ली लगातार तेज आवाज में चिल्लाने लगी। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो देखा कि अजगर बिल्ली के दो बच्चों को निगल चुका है और कमरे में कुंडली मारकर बैठा हुआ है। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए।

वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने पूरी सावधानी के साथ अभियान चलाकर अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग जुट गए। हालांकि वन विभाग की टीम ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए बिना किसी नुकसान के अजगर को कब्जे में ले लिया।

जंगल में छोड़ा गया अजगर

पकड़े गए अजगर को बाद में जटाशंकर वन क्षेत्र में उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग ने बताया कि गर्मी और मानसून के दौरान भोजन और सुरक्षित ठिकाने की तलाश में सांप व अन्य वन्यजीव आबादी वाले इलाकों की ओर आ जाते हैं।

वन विभाग की अपील

वन अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि घर या आसपास कोई सांप अथवा जंगली जानवर दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें।

“ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।”

इलाके में बढ़ी सतर्कता

घटना के बाद गंडक कॉलोनी और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच दहशत का माहौल है। वहीं वन विभाग ने VTR से सटे गांवों और कॉलोनियों के लोगों को सतर्क रहने तथा बच्चों को अकेले बाहर न छोड़ने की सलाह दी है।

यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि जंगल से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों को वन्यजीवों की गतिविधियों के प्रति अतिरिक्त सतर्क रहने की आवश्यकता है।

  • ये भी पढ़े..

    खगड़िया के स्कूल में मिड-डे मील के खाने में मिला मरा सांप का बच्चा, 30 से अधिक बच्चों की बिगड़ी तबीयत

    Share Add as a preferred…

    बिहार में महिलाओं के कौशल विकास और युवाओं के विदेश रोजगार को मिलेगा बढ़ावा, पटना में बनेगा स्थायी एनएसटीआई परिसर

    Share Add as a preferred…