19 जिलों में ठंड का ऑरेंज अलर्ट, भागलपुर में बढ़ी कनकनी, स्कूलों का समय बदला

भागलपुर:बिहार के 19 जिलों में कड़ाके की ठंड को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर भागलपुर जिले में भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह से ही तेज और सर्द पछुआ हवाएं चलने लगी हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और कनकनी अचानक बढ़ गई है।

ठंड के बढ़ते प्रकोप का असर आम जनजीवन पर भी पड़ रहा है। लोग बिना जरूरी काम के घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम आवाजाही देखी जा रही है। सुबह और देर शाम ठंड का असर सबसे अधिक महसूस किया जा रहा है, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को परेशानी हो रही है।

मौसम में आए इस बदलाव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। ठंड से बच्चों और आम लोगों को सुरक्षित रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में भागलपुर जिले के सभी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया गया है।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि बढ़ती ठंड, तेज पछुआ हवा और गिरते तापमान को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल अब सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है, ताकि बच्चों को अत्यधिक ठंड से बचाया जा सके।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें, अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। साथ ही जरूरत पड़ने पर अलाव का सहारा लें और स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। जिला प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

  • Related Posts

    बिहार में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाएँ, सीएम नीतीश राज्यसभा के लिए आज कर सकते है नामांकन 

    Share Add as a preferred…

    Continue reading