
बिहार विधानसभा के साथ-साथ विधान परिषद के बाहर भी विपक्षी सदस्यों ने जोरदार प्रदर्शन किया। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के नेतृत्व में विपक्ष ने नीट छात्रा की मौत के मामले को प्रमुखता से उठाया और सरकार से जवाब की मांग की।
विपक्ष के सदस्य हाथों में बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। महिला सदस्य “बिहार की बेटी को इंसाफ चाहिए” और “दोषियों को सख्त सजा दो” जैसे नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री और सरकार से स्पष्ट जवाब देने की मांग कर रही थीं।
“बिहार में हर जिले में रेप की घटनाएं” – राबड़ी देवी
नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार का शायद ही कोई जिला बचा हो, जहां दुष्कर्म की घटनाएं न हो रही हों। उन्होंने आरोप लगाया कि जहानाबाद की नीट छात्रा के मामले में पहले पुलिस ने जांच की, फिर सरकार ने लीपापोती करने के बाद मामला सीबीआई को सौंप दिया।
राबड़ी देवी ने कहा,
“बिहार सरकार दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है। इस घटना के पीछे किसी मंत्री या सत्ताधारी दल के नेता के बेटे का हाथ है, इसलिए सरकार चुप्पी साधे हुए है।”
उन्होंने सीबीआई जांच पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जांच एजेंसी भी केंद्र के अधीन काम करती है, ऐसे में निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद कम है।
विपक्ष का सरकार पर बढ़ता दबाव
विपक्षी दलों का कहना है कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता, वे आंदोलन जारी रखेंगे। प्रदर्शन के दौरान सदस्यों ने सरकार से पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने की मांग की।
इस मुद्दे पर सियासत लगातार गरमाती जा रही है और विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति तेज कर रहा है।


