एक पति, तीन पत्नियां और 4 बच्चे! सोशल मीडिया से शुरू हुई प्रेम कहानी ने खड़ा किया बड़ा विवाद, पुलिस जांच में जुटी

सारण: बिहार के सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र से रिश्तों को उलझाने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवक पर तीन अलग-अलग महिलाओं से शादी करने का आरोप लगा है। हैरानी की बात यह है कि तीनों महिलाएं खुद को उसकी पत्नी बता रही हैं और अपने तथा अपने बच्चों के अधिकारों के लिए न्याय की मांग कर रही हैं।

पहली पत्नी से 3 बेटे, फिर दूसरी शादी का आरोप

जानकारी के मुताबिक, मशरक थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी करण बांसफोड़ की पहली शादी वर्ष 2021 में रानी देवी से हुई थी। दोनों लंबे समय तक पति-पत्नी की तरह साथ रहे और उनके तीन पुत्र भी हुए। आरोप है कि इसके बावजूद करण ने दूसरी महिला से संबंध बनाए और विवाह कर लिया।

सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, मंदिर में रचा ली शादी

मामले में दूसरा नाम सीवान जिले की रहने वाली रेखा देवी का है। रेखा पहले से विधवा थीं और अपने चार बच्चों के साथ जीवन बिता रही थीं। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया के जरिए उनकी पहचान करण से हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि अप्रैल 2025 में दोनों ने गोरखपुर के एक मंदिर में शादी कर ली। इस रिश्ते से एक पुत्र होने का भी दावा किया जा रहा है।

दूसरी पत्नी की बहन से भी शादी का आरोप

मामला तब और सनसनीखेज हो गया जब आरोप लगा कि करण ने दूसरी पत्नी रेखा देवी की सगी बहन सीता कुमारी से भी शादी कर ली। परिजनों के अनुसार मार्च 2026 में दोनों ने छपरा के एक मंदिर में विवाह किया। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई।

तीनों महिलाएं मांग रहीं न्याय

पहली पत्नी रानी देवी का कहना है कि वह वर्षों से पत्नी के रूप में रह रही हैं और उनके तीन बच्चे हैं। दूसरी पत्नी रेखा देवी अपने और अपने बेटे के अधिकारों की मांग कर रही हैं। वहीं तीसरी पत्नी सीता कुमारी भी अपने वैवाहिक संबंध को स्वीकार करते हुए न्याय की गुहार लगा रही हैं।

पुलिस के पास पहुंचा मामला

विवाद बढ़ने के बाद पहली पत्नी की मां रामावती देवी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवक ने एक के बाद एक कई शादियां कर महिलाओं के साथ अन्याय किया है।

पुलिस हिरासत में युवक, पूछताछ जारी

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने युवक और तीसरी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि विवाहों से जुड़े दावे कितने सही हैं और कानूनी रूप से क्या कार्रवाई बनती है।

एक पति, तीन पत्नियां, कई बच्चे और रिश्तों का उलझा जाल… सारण का यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में टेक्नोलॉजी की बड़ी दस्तक! CM सम्राट चौधरी ने ग्लोबल कंपनी को दिया निवेश का न्योता, हजारों नौकरियों की उम्मीद

    Share Add as a preferred…

    RJD में बढ़ी अंदरूनी कलह! विधायक कुमार सर्वजीत के ‘लठैत पार्टी’ वाले बयान पर भड़कीं रोहिणी आचार्य, संजय यादव पर भी साधा निशाना

    Share Add as a preferred…