गांधीजी की पुण्यतिथि पर पीएम मोदी ने किया नमन-बोले– बापू के आदर्श विकसित और आत्मनिर्भर भारत की प्रेरणा

‘अहिंसा में वह शक्ति है, जो बिना हथियार दुनिया को बदल सकती है’

नई दिल्ली।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने कहा कि बापू के आदर्श आज भी हमें विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा—

“राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन। पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का आधारस्तंभ है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।”


‘अहिंसा बिना हथियार बदल सकती है दुनिया’

पीएम मोदी ने आगे लिखा कि पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया।

उन्होंने लिखा—
“अहिंसा में वह शक्ति है, जो बिना हथियार के दुनिया को बदल सकती है।
‘अहिंसा परमो धर्मस्तथाऽहिंसा परन्तपः। अहिंसा परमं सत्यं यतो धर्मः प्रवर्तते।’
अर्थात अहिंसा सबसे बड़ा धर्म है, सबसे बड़ा तप है और परम सत्य भी है।”


केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने भी दी श्रद्धांजलि

पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा—
“महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के आदर्श आज भी भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व को मानवता का मार्ग दिखाते हैं।”

ज्योतिरादित्य सिंधिया

उन्होंने लिखा—
“पूज्य बापू ने स्वच्छता को स्वराज की आधारशिला माना। आइए, स्वच्छ भारत के संकल्प के साथ उनके सपनों का भारत बनाएं।”

मोहन यादव (मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश)

“आपने सत्य, अहिंसा और एकता के संदेश से मानवता को नई दिशा दी। आपका जीवन लोककल्याण का आदर्श अध्याय है।”

पुष्कर सिंह धामी (मुख्यमंत्री, उत्तराखंड)

“महात्मा गांधी का जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रसेवा का अमर संदेश है, जो हमें सदैव न्याय और शांति के पथ पर अग्रसर करता रहेगा।”


महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके आदर्शों को याद किया गया।

  • Related Posts