भागलपुर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी और कर्मियों को मिला सम्मान, डीएम ने किया प्रशस्ति पत्र वितरण

भागलपुर, 14 दिसंबर 2025
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम और बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों को शनिवार को भागलपुर के टाउन हॉल में सम्मानित किया गया। आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर कर्मियों का हौसला बढ़ाया।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदय कांत, उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक श्री शुभांक मिश्रा, नगर आयुक्त श्री शुभम कुमार तथा अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया श्री ऋतुराज प्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एक बड़ा और चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे बीएलओ, उनके सहयोगियों तथा प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर के अधिकारियों ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न किया। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया को जिस शुद्धता और पारदर्शिता के साथ अंजाम दिया गया, वह सराहनीय है।

डीएम ने कहा कि बिहार पहला राज्य था, जहां इस कार्यक्रम को एक सख्त टाइमलाइन के तहत पूरा किया गया और भागलपुर जिले ने सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए। किसी भी स्तर पर समय बढ़ाने की आवश्यकता नहीं पड़ी, जो बेहतर योजना और तैयारी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कर पाना आसान नहीं था, लेकिन कर्मियों की मेहनत और समर्पण से यह संभव हो सका।

उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव के दिन किसी भी बूथ पर इस तरह की शिकायत नहीं आई कि मतदाता का नाम सूची से हट गया है या वह वोट नहीं कर पाया। किसी भी बूथ लेवल एजेंट या पोलिंग एजेंट की ओर से गंभीर शिकायत प्राप्त नहीं हुई, जो विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सफलता को दर्शाता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव भी जिले में पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए गए। चुनाव की तैयारी और समन्वय के लिए उनके स्तर से 13 बार राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की गईं। वहीं अनुमंडल पदाधिकारियों द्वारा भी प्रखंड स्तर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित किया गया। उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, थाना अध्यक्षों और सभी पुलिसकर्मियों को शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदय कांत ने भी निर्वाचन कार्य में लगे पदाधिकारी और कर्मियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान जिले में आए प्रेक्षकों की ओर से किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली और न ही कहीं से कोई गंभीर शिकायत प्राप्त हुई। यह सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है, जिसके कारण चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

  • Related Posts

    गया-पटना ट्रेन में महिला पुलिस की ‘दबंगई’: सीट के लिए यात्री को जड़ा थप्पड़; वीडियो वायरल, पटना GRP में शिकायत दर्ज

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    समस्तीपुर में ‘लूट का तांडव’: प्रियंका ज्वेलर्स से 1 करोड़ के जेवरात साफ; फायरिंग कर भागे अपराधी, 2 साल पहले भाई का हुआ था मर्डर

    Share Add as a preferred…

    Continue reading