भागलपुर, 15 अगस्त 2025 — भागलपुर जिले के नवगछिया प्रखंड के जपतेली गांव के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी कि अगर सड़क नहीं बनी तो आने वाले विधानसभा चुनाव में वे मतदान का बहिष्कार करेंगे। प्रदर्शन के दौरान “रोड नहीं तो वोट नहीं” के नारे गूंजते रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बन जाने से भागलपुर और नवगछिया की दूरी कम समय में तय की जा सकेगी, लेकिन फिलहाल उन्हें 8 किलोमीटर अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता है। बीमार या घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाने में भी भारी दिक्कत आती है और कई बार रास्ते में ही जान चली जाती है।
गांव वालों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि बच्चों की कसम खाकर सड़क बनाने का वादा करते हैं, लेकिन जीतने के बाद दोबारा गांव का रुख नहीं करते। ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि गांव में पहले से 4 सड़कें जाती हैं, इसलिए नई सड़क की जरूरत नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस बार वे किसी भी सूरत में वोट नहीं देंगे।


