नीतीश कुमार के बेटे निशांत की एंट्री तय? JDU दफ्तर के बाहर लगे पोस्टरों से सियासी बाजार गर्म

पटना, 10 अगस्त 2025 – बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव होने के संकेत मिल रहे हैं। लंबे समय से चली आ रही अटकलों के बीच अब माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही राजनीति में कदम रख सकते हैं। इसकी वजह है पटना स्थित जदयू कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर, जो साफ तौर पर उनके राजनीतिक डेब्यू की ओर इशारा कर रहे हैं।

‘निशांत संवाद’ ने बढ़ाई चर्चा

पोस्टरों में न केवल निशांत कुमार के चुनाव लड़ने की मांग की गई है, बल्कि यह भी बताया गया है कि वे रविवार को शाम 4 बजे ‘निशांत संवाद’ कार्यक्रम के तहत आर ब्लॉक में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर परिचर्चा करेंगे। इस दौरान जदयू के कई नेता भी मंच पर मौजूद रहेंगे।

पार्टी में नई पारी की तैयारी?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम संकेत है कि निशांत कुमार धीरे-धीरे सक्रिय राजनीति की ओर बढ़ रहे हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान भी वे कई बार मीडिया से बातचीत में अपने पिता के काम की तारीफ करते दिखे थे, और जनता से नीतीश सरकार पर भरोसा बनाए रखने की अपील कर चुके हैं।

सियासी हलचल तेज

जदयू दफ्तर के बाहर लगे इन पोस्टरों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी चर्चा है कि नीतीश कुमार भविष्य में पार्टी की कमान अपने बेटे को सौंपने की तैयारी कर सकते हैं।


 

  • Related Posts