
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करीब दो दशक बाद एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास को छोड़ने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अब वे जल्द ही 7 सर्कुलर रोड स्थित नए आवास में शिफ्ट होंगे।
सूत्रों के अनुसार, नए आवास में शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उनका निजी व कार्यालय से जुड़ा सामान वहां पहुंचाया जा चुका है। संभावना है कि यदि आज शिफ्टिंग पूरी नहीं होती है, तो उनके पुत्र निशांत कुमार पहले नए आवास में प्रवेश कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार स्वयं अगले एक-दो दिनों में नए आवास में शिफ्ट हो सकते हैं। वे लगभग 20 वर्षों से एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में रह रहे थे, जो अब उनके कार्यकाल के समाप्त होने के साथ खाली हो जाएगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 7 सर्कुलर रोड आने वाले समय में बिहार की राजनीति का नया केंद्र बन सकता है।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और अब वे राज्यसभा सांसद के रूप में अपनी नई भूमिका निभा रहे हैं।


