नीतीश सरकार की बड़ी पहल: 50 लाख महिलाओं को मिलेगा 10 हजार की पहली किस्त, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा कदम

पटना। बिहार में महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत 22 सितंबर को प्रदेश की 50 लाख महिलाओं को पहली किस्त में 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से महिलाओं के बैंक खातों में स्थानांतरित की जाएगी।

सरकार का मानना है कि इस राशि से महिलाएं अपना मनपसंद व्यवसाय शुरू कर सकेंगी और आगे चलकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी।

शहरी और ग्रामीण दोनों महिलाओं को मिलेगा लाभ

इस योजना को ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (BRLPS) के माध्यम से लागू किया जा रहा है। वहीं, शहरी क्षेत्रों में नगर विकास एवं आवास विभाग के सहयोग से महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। योजना के अंतर्गत रोजगार शुरू करने के बाद महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता राशि भी दी जाएगी।

महिलाओं से मजबूत होगी राज्य की अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना सिर्फ महिलाओं को आर्थिक सहयोग देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देना भी है। जब महिलाएं छोटे उद्योग, कुटीर उद्योग और सेवा आधारित व्यवसाय शुरू करेंगी तो रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और स्थानीय बाजार को मजबूती मिलेगी।

नीतीश कुमार की यह महत्वाकांक्षी पहल न केवल महिलाओं बल्कि उनके परिवारों के सपनों को भी साकार करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

पायलट प्रोजेक्ट से मिली सफलता

इस योजना की सफलता का उदाहरण हाल ही में तब सामने आया जब जीविका दीदियों ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत पुलिसकर्मियों और स्कूली बच्चों के लिए वर्दी सिलने का जिम्मा उठाया। इससे यह साबित हुआ कि महिलाएं मेहनत और लगन से समाज की जरूरतें पूरी करने के साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में भी सक्षम हैं।

आसान आवेदन प्रक्रिया

योजना का लाभ लेने की इच्छुक महिलाएं बिहार सरकार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा, प्रखंड स्तर पर बनाए गए “अधिकार केंद्र” पर जाकर भी वे रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं।

यह योजना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट महिला सशक्तिकरण को नई उड़ान देने वाली साबित होगी। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि आने वाले समय में बिहार की महिलाएं आर्थिक और सामाजिक दोनों मोर्चों पर बदलाव की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरेंगी।


 

  • Related Posts

    “राज्यसभा उपसभापति पद पर बड़ा बदलाव: नीतीश कुमार की संभावित नियुक्ति पर सियासी हलचल”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, अमित शाह और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading