आज जदयू जॉइन करेंगे निशांत कुमार, महावीर मंदिर में पूजा के बाद लेंगे सदस्यता

बिहार की राजनीति में आज एक अहम घटनाक्रम होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रविवार को आधिकारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण करेंगे। दोपहर करीब 1 बजे पटना स्थित जदयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी। सदस्यता लेने से पहले निशांत कुमार पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे।

निशांत कुमार के राजनीति में प्रवेश को लेकर राज्य की सियासत में काफी हलचल है। खासकर उस समय जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाएं भी तेज हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

बिहार दौरे से करेंगे राजनीतिक सफर की शुरुआत

पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार पूरे बिहार का दौरा शुरू करेंगे। जदयू के एमएलसी नीरज कुमार के अनुसार, निशांत राज्य के लगभग सभी जिलों का दौरा कर आम लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, वे अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत चंपारण से कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपनी कई राजनीतिक यात्राओं की शुरुआत चंपारण से ही की थी।

उपमुख्यमंत्री पद से लॉन्चिंग की चर्चा

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि भविष्य में निशांत कुमार की औपचारिक राजनीतिक लॉन्चिंग उपमुख्यमंत्री पद से हो सकती है। हालांकि इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल बिहार में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री के पद पर हैं।

पार्टी नेताओं के साथ कर चुके हैं बैठक

राजनीति में औपचारिक एंट्री से पहले ही निशांत कुमार सक्रिय नजर आ रहे हैं। शनिवार को उन्होंने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पार्टी के करीब डेढ़ दर्जन युवा विधायकों और कई वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने जिलाध्यक्षों के साथ भी लंबी चर्चा की।

बैठक के दौरान निशांत कुमार ने कहा कि वे अपने पिता नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।

महावीर मंदिर में पूजा के बाद सदस्यता ग्रहण

जदयू की सदस्यता लेने से पहले निशांत कुमार पटना के महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें आधिकारिक रूप से पार्टी में शामिल कराया जाएगा।

इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों की बैठक हुई थी। इस बैठक में संजय झा ने निशांत कुमार को जदयू में शामिल कराने का प्रस्ताव रखा था, जिसे सभी नेताओं ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी।

जदयू कार्यकर्ताओं में उत्साह

निशांत कुमार के राजनीति में प्रवेश को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पटना स्थित जदयू कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में नीतीश कुमार और निशांत कुमार की तस्वीरों के साथ लिखा है— “विकसित बिहार के नए अध्याय की शुरुआत: निशांत कुमार।”

निशांत कुमार की इस एंट्री को बिहार की राजनीति में संभावित बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भागलपुर वन विभाग में योग शिविर, वनकर्मियों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प

    Share Add as a preferred…