भागलपुर। नए साल का जश्न मनाने के लिए पांच साल बाद घर लौटे एक युवक के लिए साल का पहला दिन ही आखिरी साबित हुआ। मामूली पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने पहले अपनी पत्नी पर तेजाब डालकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और अगले दिन खुद भी तेजाब पीकर आत्महत्या कर ली। यह सनसनीखेज घटना भागलपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र की है।
पत्नी को तेजाब से नहलाया
पीड़िता एक आवासीय विद्यालय की प्रिंसिपल हैं और आठवीं तक के बच्चों को पढ़ाती हैं। वह किराए के मकान में ही विद्यालय का संचालन भी करती थीं। पति दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करता था और पिछले पांच वर्षों से घर नहीं आया था।
31 दिसंबर की रात लौटा था पति
31 दिसंबर की रात करीब 12:30 बजे युवक दिल्ली से भागलपुर पहुंचा। घर पहुंचते ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पत्नी अपने कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर लिया, जबकि पति बरामदे में चौकी पर सो गया।
बाथरूम में किया हमला
1 जनवरी की सुबह करीब 5 बजे जब पत्नी बाथरूम गई, तभी पति ने वहां पहुंचकर जबरन तेजाब पिलाया और शरीर पर तेजाब डाल दिया। महिला के चीखने की आवाज सुनकर दूसरी मंजिल पर रह रहा बेटा नीचे पहुंचा और मां को गंभीर हालत में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को पटना एम्स रेफर कर दिया गया।
एक आंख की रोशनी गई
पटना एम्स में महिला का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तेजाब हमले में महिला की एक आंख की रोशनी चली गई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद कमरे में छिपा रहा आरोपी
घटना की जानकारी मिलने पर मकान मालिक ने औद्योगिक थाना पुलिस को सूचना दी। थाना अध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी पति नहीं मिला। आशंका है कि पुलिस के आने पर वह मकान के कमरे में ही छिप गया था। पुलिस की मौजूदगी में मकान मालिक ने आरोपी के कमरे में बाहर से ताला लगा दिया।
अगले दिन कमरे से मिला शव
2 जनवरी को मकान मालिक ने पुलिस को दोबारा सूचना दी कि आरोपी कमरे के अंदर मृत पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पत्नी पर तेजाब डालने के बाद आरोपी ने खुद भी तेजाब पीकर आत्महत्या कर ली।
बेटे ने बताई पूरी घटना
पीड़िता के बेटे ने बताया कि उसके पिता पांच साल बाद घर लौटे थे। उसी रात माता-पिता के बीच विवाद हुआ। सुबह मां के बाथरूम जाने के दौरान पिता ने तेजाब से हमला कर दिया। पिता ने कब तेजाब पी लिया, इसकी जानकारी नहीं है।
पुलिस का बयान
औद्योगिक थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि 1 जनवरी को घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी नहीं मिला। अगले दिन उसकी मौत की सूचना मिली, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
उन्होंने कहा कि महिला का बयान अभी दर्ज नहीं हो सका है क्योंकि वह पटना में इलाजरत है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी।
जांच जारी
एसएसपी हृदय कांत के निर्देश पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने तेजाब कहां से प्राप्त किया था और क्या पहले से पारिवारिक विवाद चल रहा था। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
एसपी सिटी शुभांक मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में जमीन के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।


