बिहार के दरभंगा जिले में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखर इलाके में शनिवार शाम हुई इस दर्दनाक घटना के बाद जहां एक ओर मुख्य आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया, वहीं विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा करने वाले 6 लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
पड़ोसी पर वारदात का आरोप
जानकारी के अनुसार बच्ची अपने मोहल्ले की तीन अन्य लड़कियों के साथ तालाब किनारे खेल रही थी। इसी दौरान 22 वर्षीय पड़ोसी युवक ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। दो बच्चियां किसी तरह भाग निकलीं, लेकिन आरोपी छह वर्षीय बच्ची को जबरन सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी और शव फेंक दिया। देर रात तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तालाब के पास कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर जब लोग पहुंचे तो दीवार के पास खून से लथपथ शव मिला।
सीसीटीवी से हुई पहचान, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी जगनाथ रेड्डी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साथ खेल रही दो बच्चियों से पहचान कराई, जिसके आधार पर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के समय उसके कपड़ों पर खून के धब्बे भी मिले। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच जारी है।
आरोपी का आपराधिक व सामाजिक पृष्ठभूमि
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी ऑटो चालक है और नशे का आदी बताया जा रहा है। उसकी तीन शादियां हो चुकी थीं, लेकिन नशे की लत के कारण तीनों पत्नियां उसे छोड़ चुकी हैं। वह अपने माता-पिता के साथ रह रहा था। घटना के बाद इलाके में गहरा आक्रोश है और पीड़ित परिवार ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है।
विरोध प्रदर्शन ने लिया उग्र रूप
रविवार सुबह घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। बेला मोड़ के पास सड़क जाम कर आरोपी को जनता के हवाले करने की मांग की गई। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव, वाहनों में तोड़फोड़ व आगजनी की घटनाएं सामने आईं। हालात बिगड़ने पर जिलाधिकारी कौशल कुमार और एसएसपी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
30 नामजद, 200 अज्ञात पर एफआईआर
दरभंगा सदर डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि हिंसक प्रदर्शन के मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। थानाध्यक्ष के बयान पर 30 नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और देर रात कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की तेजी से जांच चल रही है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


