कटिहार में प्रशासन की नई पहल: NEET प्रदर्शन के बाद क्रिकेट मैदान में पहुंचे DM-SP, युवाओं को दिया शांति और मेहनत का संदेश

कटिहार: NEET प्रश्नपत्र लीक को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच बिहार के कटिहार जिले से प्रशासन की एक अलग तस्वीर सामने आई है। हाल के दिनों में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार क्रिकेट मैदान में युवाओं के बीच पहुंचे और खेल-खेल में उनसे संवाद किया।

क्रिकेट खेलकर दिया सकारात्मक संदेश

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने युवाओं के साथ क्रिकेट खेला और बल्ला थामकर शानदार शॉट लगाए। इसके बाद उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य से भटकना नहीं चाहिए।

उन्होंने शायराना अंदाज में कहा:

“कितने रोड़े लगाएगा जालिम मेरी मंजिल के रास्तों पर, हौसलों में जान है तो मंजिल खुद कदम चूमेगी।”

डीएम ने छात्रों से शिक्षा, अनुशासन और कड़ी मेहनत को सफलता का सबसे मजबूत रास्ता बताया।

SP ने हिंसा से दूर रहने की अपील की

पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने कहा कि 23 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने भीड़ का फायदा उठाकर समाहरणालय के मुख्य द्वार को नुकसान पहुंचाने और पथराव करने की कोशिश की थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करनी पड़ी।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि यदि किसी को अपनी बात रखनी है तो वह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से रखे।

“अगर किसी को अपनी बात रखनी है तो प्रशासन संवाद और लोकतांत्रिक तरीके से उसकी बात सुनने के लिए हमेशा तैयार है।” — परिचय कुमार, एसपी, कटिहार

23 जुलाई को हुआ था बवाल

गौरतलब है कि 23 जुलाई को NEET प्रश्नपत्र लीक के विरोध में कटिहार में प्रदर्शन के दौरान स्थिति हिंसक हो गई थी। पथराव और उपद्रव की घटनाओं के बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया था।

संवाद से भरोसा बढ़ाने की कोशिश

अब हालात सामान्य होने के बाद जिला प्रशासन ने युवाओं के बीच पहुंचकर खेल और संवाद के जरिए सकारात्मक माहौल बनाने की पहल की है। प्रशासन का संदेश साफ था कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और बेहतर भविष्य के निर्माण में लगाएं तथा किसी के बहकावे में आकर हिंसा का हिस्सा न बनें।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार बंद के दौरान सीवान में हिंसा, पुलिस-प्रदर्शनकारियों में झड़प; SP पूरन झा घायल, आंसू गैस के बाद फायरिंग

    Share Add as a preferred…

    बिहार के झंडू कुमार ने रचा इतिहास, कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जीता ब्रॉन्ज़; भारत को दिलाया पहला पदक

    Share Add as a preferred…