बिहार NDA में शनिवार को सीट बंटवारा, पटना से बड़े नेता दिल्ली रवाना
पटना, 10 अक्टूबर 2025:बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) में सीट शेयरिंग का फैसला फाइनल हो गया है। सूत्रों के अनुसार, शनिवार को गठबंधन के सभी बड़े नेता दिल्ली या पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इसका आधिकारिक ऐलान करेंगे।
बीजेपी के बिहार अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार को बताया कि घटक दलों के बीच सीटों पर करीब-करीब सहमति बन चुकी है। हालांकि, उम्मीदवारों की अंतिम सूची 13 अक्टूबर तक आने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, पटना से बीजेपी के सभी बड़े नेता देर रात दिल्ली रवाना हो गए। शनिवार सुबह बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में बैठक होगी। बैठक में बिहार के बड़े नेता और कोर ग्रुप के सदस्य शामिल होंगे। इसमें बीजेपी अपने हिस्से की सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर मंथन करेगी।
वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी संसदिय दल की बैठक सुबह 11 बजे दिल्ली में बुलाई है। माना जा रहा है कि दोपहर बाद सीट शेयरिंग का ऐलान किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, इस बार बीजेपी ने बड़ी पार्टी होने के नाते सीट शेयरिंग की अगुवाई की है। शुक्रवार को बीजेपी चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने सभी सहयोगी दलों के साथ बैठक कर सीटों के फार्मूले पर मुहर लगा दी।
एनडीए के भीतर फाइनल फैसले के बाद गठबंधन की एकजुटता और चुनावी रणनीति को लेकर स्पष्ट संदेश गया है।


