नवादा में आकाशीय बिजली का कहर, 4 की मौत; खेत में काम कर रहे किसानों समेत 12 वर्षीय बच्चे की गई जान

नवादा: बिहार के नवादा जिले में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। नारदीगंज प्रखंड के सांगोवर गांव में वज्रपात की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों घायलों का इलाज नारदीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे सभी

जानकारी के अनुसार, मृतकों में तीन किसान और एक 12 वर्षीय बच्चा शामिल हैं। सभी खेत में काम कर रहे थे। दोपहर बाद अचानक मौसम खराब हुआ और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और सभी उसकी चपेट में आ गए।

मृतकों की हुई पहचान

हादसे में शंभू कुमार (45), पिता स्व. चंद्रिका यादव, मदन राजवंशी (50), पिता मुनेश्वर राजवंशी, भुवनेश्वर राजवंशी (50), पिता दुखन राजवंशी तथा सोनू कुमार (12), पिता मिथिलेश प्रसाद की मौत हो गई।

वहीं सुनीता देवी, पति स्व. गोविंद यादव तथा शोभी देवी, पति ललित यादव गंभीर रूप से झुलस गईं और उनका इलाज जारी है।

अस्पताल पहुंचते ही चार को मृत घोषित किया गया

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल नारदीगंज पीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों महिलाओं का इलाज जारी है।

प्रशासन ने सहायता का दिया भरोसा

घटना के बाद सांगोवर गांव में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने हादसे की पुष्टि करते हुए मृतकों के आश्रितों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

इस बीच स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर रहें। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह भी जारी की है।

  • ये भी पढ़े..

    राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने सैकड़ों समर्थकों संग थामा भाजपा का दामन, कई दलों के नेता भी हुए शामिल

    Share Add as a preferred…

    रोहतास में BSAP जवान ने सरकारी कार्बाइन से खुद को मारी गोली, करबंदिया थाना परिसर में आत्महत्या से सनसनी

    Share Add as a preferred…