
भागलपुर/नारायणपुर: भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के गनौल गांव में एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने पहले युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, उसकी एक आंख फोड़ दी और फिर हत्या करने के बाद शव को घर के पीछे स्थित बांसबाड़ी में बांस से लटका दिया। सोमवार सुबह शव मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार शाम से लापता था युवक
मृतक की पहचान गनौल गांव निवासी गुड्डू ठाकुर के 24 वर्षीय पुत्र कृष्णा उर्फ कन्हैया ठाकुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार कृष्णा रविवार की शाम करीब छह बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार तड़के करीब चार बजे कृष्णा की मां घर के पीछे स्थित बांसबाड़ी की ओर गईं, जहां उन्होंने बेटे का शव बांस से लटका हुआ देखा। इसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पत्नी ने दर्ज कराया बयान
मृतक की पत्नी लक्ष्मी कुमारी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कृष्णा रविवार शाम से घर से लापता था। परिवार ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। सुबह शव मिलने के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने हत्या से पहले कृष्णा के साथ बेरहमी से मारपीट की। उसके शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं और एक आंख भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त थी, जिससे हत्या की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
हत्या के बाद शव लटकाने की आशंका
घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए परिजन और स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को बांसबाड़ी में लाकर बांस से लटका दिया गया, ताकि मामले को दूसरा रूप दिया जा सके। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले को लेकर एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और हत्या की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। साथ ही घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गांव में दहशत का माहौल
युवक की नृशंस हत्या के बाद गनौल गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


