घटना सीसीटीवी में कैद, शहर में दहशत
भगवान बाजार।शहर के बीचो-बीच रविवार रात बेखौफ बदमाशों ने दहशत फैलाने वाली वारदात को अंजाम दिया। ललिता होटल के पास दो अपराधियों ने रंगदारी मांगते हुए फायरिंग कर दी। गोली लगने से होटल के मैनेजर अभिषेक कुमार पांडे उर्फ भोलू गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उन्हें बचाने आए उनके सगे भाई पंकज कुमार पांडे के साथ जमकर मारपीट की गई।
दोनों भाई कोपा थाना क्षेत्र के बसडीला गांव निवासी हैं और ललिता होटल में देखरेख का काम करते हैं।
काउंटर से खींचकर ले जाने की कोशिश
घायल अभिषेक ने बताया कि वह होटल के काउंटर पर बैठे थे, तभी दो युवक पहुंचे। खुद को दबंग बताते हुए बोले—
“मेरा नाम रितिक है, जेल से छूटकर आया हूं… पहचान लो।”
इसके बाद बदमाश जबरन उन्हें होटल से बाहर खींचकर ले जाने लगे। विरोध करने पर एक अपराधी ने कमर से पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
तीन राउंड फायरिंग, इलाके में अफरा-तफरी
करीब तीन राउंड गोली चली। एक गोली अभिषेक को लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो अपराधियों ने पंकज के साथ भी मारपीट की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सदर अस्पताल से पटना रेफर
दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल लाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. सुरेंद्र महतो ने अभिषेक की हालत नाजुक बताते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया।
नामजद आरोप: रितिक और सोनू
घायलों ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में
- रितिक सिंह (कोठेया, जलालपुर थाना)
- सोनू सिंह (नैनी, मुफस्सिल थाना)
शामिल हैं। रितिक पर पहले से दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया है।
पुलिस की छापेमारी, CCTV खंगाल रही
सूचना मिलते ही भगवान बाजार थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और बयान लिया। होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
शहर के दिल में हुई इस फायरिंग ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


