
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले के विभिन्न थानों और इकाइयों में तैनात 7 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टर्स) का तबादला किया गया है और उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के तहत अहियापुर थाना के थानाध्यक्ष रोहन कुमार को जिला आसूचना इकाई (DIU), मुजफ्फरपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उनकी जगह शरत कुमार, जो अब तक सदर थाना में पर्यवेक्षी पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थे, उन्हें अहियापुर थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
इसी क्रम में काजीमोहम्मदपुर थाना के थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद को सदर थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नगर अंचल के पुलिस निरीक्षक चन्द्र भूषण कुमार सिंह को काजीमोहम्मदपुर थाने की कमान सौंपी गई है।
न्यायालय सुरक्षा के प्रभारी मनोज Kumar साह को सदर थाना में पर्यवेक्षी पदाधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। वहीं अहियापुर थाना के पर्यवेक्षी पदाधिकारी मुन्ना कुमार गुप्ता को प्रोन्नत करते हुए सदर ‘बी’ अंचल का अंचल पुलिस निरीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा साइबर थाना में पदस्थापित रजा अहमद को अहियापुर थाना में पर्यवेक्षी पदाधिकारी के रूप में भेजा गया है।
एसएसपी कार्यालय की ओर से बताया गया है कि सभी तबादले पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) के अनुमोदन के बाद किए गए हैं। इन बदलावों का मुख्य उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना, अपराध नियंत्रण को मजबूत करना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
कुछ अधिकारियों का तबादला उनके वर्तमान पद पर दो वर्ष से अधिक समय तक कार्यरत रहने के कारण भी किया गया है। मुजफ्फरपुर पुलिस का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से थानों के कामकाज में नई ऊर्जा आएगी और जनहित के कार्यों में तेजी देखने को मिलेगी। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों पर योगदान देने का निर्देश जारी कर दिया गया है।


