बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान पिछले कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। बीसीसीआई (BCCI) के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें टीम से रिलीज कर दिया है। केकेआर ने आईपीएल 2026 सीजन के लिए मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये की भारी रकम में खरीदा था, लेकिन अब उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है।
आईपीएल से बाहर होने के बाद मुस्तफिजुर को एक और बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉन्ट्रैक्ट समाप्त होने के बावजूद उन्हें केकेआर की ओर से कोई भी भुगतान नहीं किया जाएगा।
9.20 करोड़ में खरीदे गए थे मुस्तफिजुर
आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, सोशल मीडिया पर बढ़ते विवाद और उसके बाद बीसीसीआई के फैसले के चलते उन्हें लीग से बाहर कर दिया गया।
दिलचस्प बात यह है कि मुस्तफिजुर ने न तो खुद आईपीएल से नाम वापस लिया था और न ही उन पर किसी क्रिकेटिंग अनुशासनहीनता का आरोप है। इसके बावजूद मौजूदा हालात ऐसे बने कि उन्हें फ्रेंचाइजी से कोई मुआवजा नहीं मिलेगा।
क्यों नहीं मिलेगा मुस्तफिजुर को मुआवजा?
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि सभी खिलाड़ियों की सैलरी का बीमा होता है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के मामले में, यदि वे टूर्नामेंट के दौरान या कैंप जॉइन करने के बाद चोटिल हो जाते हैं, तो फ्रेंचाइजी आमतौर पर भुगतान करती है।
सूत्र के अनुसार,
“अगर कोई खिलाड़ी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होता है और उसका कॉन्ट्रैक्ट इंश्योर्ड होता है, तो उसे लगभग 50 प्रतिशत तक राशि मिल सकती है।”
हालांकि, मुस्तफिजुर का मामला बीमा के इन सामान्य नियमों के अंतर्गत नहीं आता, क्योंकि उन्हें चोट या किसी क्रिकेटिंग कारण से नहीं हटाया गया। इसी वजह से केकेआर पर उन्हें भुगतान करने की कोई बाध्यता नहीं बनती।
BCB ने भी वापस लिया NOC
बीसीसीआई के फैसले के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भी मुस्तफिजुर रहमान का आईपीएल खेलने के लिए जारी किया गया नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) रद्द कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, NOC वापस लिए जाने के बाद केकेआर के पास भुगतान न करने का मजबूत कानूनी आधार मौजूद है।
बांग्लादेश सरकार और BCB के बड़े फैसले
रिपोर्ट्स के अनुसार, बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में आईपीएल के टेलीकास्ट पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC को पत्र लिखकर मांग की है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश के मुकाबले भारत की बजाय श्रीलंका में कराए जाएं।


