मुस्तफिजुर रहमान बने विवाद के केंद्र, फिर भी नहीं लिया KKR पर एक्शन

नई दिल्ली। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बीच खराब होते रिश्तों के पीछे तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बड़ी वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बीसीसीआई के कहने पर ही शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किया था।

आईपीएल 2026 के लिए केकेआर ने मुस्तफिजुर को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन बाद में उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। इस फैसले के बाद रहमान के पास केकेआर के खिलाफ कानूनी या क्रिकेटिंग एक्शन लेने का विकल्प मौजूद था, लेकिन उन्होंने ऐसा न करके खेल भावना का परिचय दिया है।

मुस्तफिजुर ने KKR पर एक्शन लेने से किया इनकार

हाल ही में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने अपने ही बोर्ड के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश (CWAB) के अध्यक्ष मोहम्मद मिथुन ने बड़ा खुलासा किया।

उन्होंने बताया कि वर्ल्ड क्रिकेटर्स एसोसिएशन (WCA) ने सीडब्ल्यूएबी को प्रस्ताव दिया था कि यदि चाहें तो कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, मुस्तफिजुर रहमान ने साफ तौर पर कह दिया कि वे केकेआर के खिलाफ कोई भी कदम नहीं उठाना चाहते।

उनके इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर सराहना हो रही है और उन्हें “बड़ा दिल दिखाने वाला खिलाड़ी” बताया जा रहा है।

विवाद का असर T20 वर्ल्ड कप 2026 तक पहुंचा

मुस्तफिजुर रहमान से जुड़ा यह विवाद अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक फैलता दिख रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत में खेलने से इनकार कर दिया है।

गौरतलब है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन BCCI और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड मिलकर कर रहे हैं। ऐसे में अगर बांग्लादेश की टीम भारत आने से इनकार करती है, तो यह आईसीसी के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, आईसीसी बांग्लादेश बोर्ड को भारत में खेलने के लिए मनाने की कोशिश कर रही है और उन्हें दोबारा विचार करने का मौका दिया गया है। आईसीसी किसी भी सूरत में टूर्नामेंट के शेड्यूल में बड़े बदलाव से बचना चाहती है।

अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपने फैसले पर कायम रहता है या फिर आईसीसी और वैश्विक क्रिकेट हितों को देखते हुए पीछे हटता है।


 

  • Related Posts

    WPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात को 7 विकेट से रौंदा, लगातार चौथी बार फाइनल में एंट्री

    Share Add as a preferred…

    Continue reading