“पटना में दिनदहाड़े मर्डर! सिर में सटाकर मारी गोली, बाईपास किनारे मिला युवक का शव

पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे फुलवारीशरीफ इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव बेउर थाना क्षेत्र के बाईपास किनारे स्थित निदान अस्पताल के पास संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

ससुराल में रह रहा था युवक

मृतक की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नत्थूपुर का निवासी था, लेकिन पिछले कुछ समय से हरिणीचक स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। शव भी ससुराल के नजदीक इलाके से बरामद किया गया है।

सिर में सटाकर मारी गई गोली

स्थानीय लोगों ने शनिवार सुबह करीब 11 बजे सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। जांच में पता चला कि युवक के सिर के पिछले हिस्से में बेहद नजदीक से गोली मारी गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के पहुंचने से पहले परिजन शव को अपने साथ घर ले गए थे। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेज दिया।

जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका

मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे जमीन विवाद को वजह बताया है। परिजनों का आरोप है कि आनंद कुमार का कुछ लोगों के साथ लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई है। परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बेउर थाना पुलिस और फुलवारी डीएसपी-1 मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।

अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

पहले भी जा चुका था जेल

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि आनंद कुमार पहले एक कुरियर कंपनी में कार्यरत था। नालंदा में कुरियर कंपनी से जुड़ी एक लूट मामले में वह जेल भी जा चुका था और करीब छह महीने पहले ही रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद वह जमीन के कारोबार से जुड़ा हुआ था।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और हत्या में शामिल दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: मेदांता हॉस्पिटल सील, जांच में मिलीं गंभीर अनियमितताएं

    Share Add as a preferred…

    खान सर नहीं करेंगे सरेंडर! वकील का बड़ा बयान, अब अग्रिम जमानत की तैयारी

    Share Add as a preferred…