नई दिल्ली। बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को बीसीसीआई के आदेश के बाद केकेआर ने रिलीज़ कर दिया। भारत में उनके खेलने के खिलाफ विरोध के चलते बोर्ड को यह कदम उठाना पड़ा। इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में तीखी प्रतिक्रियाएं आईं। अब इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन अली ने ICC पर अपनी भड़ास निकाली और इस निर्णय को गलत बताया।
मोईन अली ने ICC को घेरा
मोईन अली ने कहा कि यह स्थिति क्रिकेट की बढ़ती समस्याओं को दर्शाती है। उन्होंने कहा:
“ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि इसका समाधान फुटबॉल की तरह ही होगा। विश्व कप, ICC टूर्नामेंट, शायद एक या दो बड़ी अंतरराष्ट्रीय सीरीज, और बाकी सब फ्रेंचाइजी क्रिकेट होगा। खेल पहले से ही इन समस्याओं से जूझ रहा है, और मुस्ताफिजुर के साथ जो हुआ, उससे स्थिति और खराब हो गई।”
रहमान का समर्थन करते हुए मोईन ने कहा:
“मुझे मुस्ताफिजुर के लिए सबसे ज्यादा दुख हो रहा है। उन्होंने वर्षों तक लगातार शानदार प्रदर्शन किया और यह अनुबंध हासिल किया। उनके करियर के लिए यह एक बहुत बड़ा अवसर था, लेकिन अब सबसे ज्यादा नुकसान उन्हें ही हो रहा है।”
ICC की आलोचना करते हुए मोईन ने कहा:
“ICC कभी भी आदर्श नहीं रहा। सबको पता है कि कौन सब कुछ संभालता है। लेकिन कोई खुलकर नहीं बोलता। हर किसी का अपना एजेंडा होता है, और जब तक वे ठीक हैं, किसी को कोई परवाह नहीं।”
बांग्लादेश ने लिया कड़ा फैसला
मुस्ताफिजुर रहमान के रिलीज़ होने के अगले ही दिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बड़ा फैसला लिया। बोर्ड ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में खेलने से इंकार कर दिया। ICC को लिखे पत्र में कहा गया कि सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश की टीम भारत में नहीं आएगी। इसके बजाय वे अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलना चाहती हैं।
वहीं, वर्ल्ड कप का शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका है।
यह विवाद क्रिकेट जगत में नए सिरे से बहस का विषय बन गया है और आगामी ICC टूर्नामेंट्स पर इसका असर देखा जा सकता है।


