भागलपुर — बिहार की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग छिड़ गई है। गोपालपुर के चर्चित विधायक गोपाल मंडल ने रविवार को अपने ही संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय मंडल पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “नकारा” और “मौज मस्ती में लिप्त” बता दिया।
रंगरा प्रखंड के ज्ञानीदास टोला तीनटंगा में गंगा कटाव का जायजा लेने पहुंचे विधायक जल संसाधन विभाग की खामियों पर बोलते-बोलते अचानक सांसद पर बरस पड़े। उनका कहना था—
“सांसद कभी संसद में जाते ही नहीं, बस हाजिरी लगाकर मौज मस्ती करते हैं।”
जदयू महिला नेत्री पर भी तंज
गोपाल मंडल यहीं नहीं रुके। उन्होंने सांसद अजय मंडल का नाम लेकर जदयू की एक महिला नेत्री पर भी अमर्यादित टिप्पणी कर डाली और आरोप लगाया कि दोनों का क्षेत्र से कोई मतलब नहीं है।
“दोनों सिर्फ चुनाव के समय फोटो लगवाते हैं, बाकी समय गायब रहते हैं।”
विधायक ने दावा किया कि गंगा कटाव रोकने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर हरसंभव प्रयास किया, लेकिन केंद्र से मदद के लिए सांसद ने आवाज तक नहीं उठाई।
सांसद का पलटवार
उधर, सांसद अजय मंडल ने बयानबाजी में उलझने से बचते हुए भी साफ कहा कि वे विधायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।
“मैं गोबर में ढेला नहीं मारना चाहता, लेकिन जो उन्होंने किया, उसके लिए थाने में प्राथमिकी और कोर्ट में मानहानि का केस करूंगा। साथ ही पार्टी नेतृत्व से उन्हें बाहर करने की सिफारिश करूंगा।”
कटाव पीड़ितों में सियासी गर्मी
गंगा कटाव से जूझ रहे इलाके में अब बाढ़ के साथ-साथ सियासत भी उफान पर है। एक ओर विधायक अफसरों पर “लूट” का आरोप लगा रहे हैं, वहीं सांसद कानूनी मोर्चा खोलने की तैयारी में हैं। आने वाले दिनों में यह विवाद और गरमाने की पूरी संभावना है।


