दिल्ली के लालकिले के पास मंगलवार सुबह एक खड़ी कार में अचानक जोरदार धमाका हो गया। इस विस्फोट में 10 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट पर रखा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज़ था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियाँ और दुकानों के शीशे टूट गए। स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुँचकर राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

प्राथमिक जांच में विस्फोट के कारणों का पता नहीं लग सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए NSG और NIA की टीमें मौके के लिए रवाना हो चुकी हैं। दोनों एजेंसियाँ घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच करेंगी और यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि धमाका आतंकी घटना है या किसी अन्य वजह से हुआ है।
इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है और आसपास की सड़कों पर यातायात रोक दिया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक अपडेट का इंतज़ार करने की अपील की है।


