
भभुआ (कैमूर): बिहार विधानसभा चुनाव के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कैमूर के बेलांव में आयोजित जनसभा में दिल्ली सांसद और भाजपा नेता मनोज तिवारी ने विपक्ष और प्रशांत किशोर पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि एनडीए बिहार के विकास के लिए काम कर रही है, जबकि विपक्ष सिर्फ श्रेय लेने और वोट काटने की राजनीति कर रहा है।
जनसभा में भाजपा प्रत्याशी भरत बिंद के समर्थन में पहुंचे मनोज तिवारी ने कहा,
“प्रशांत किशोर के आने से एनडीए को कोई फर्क नहीं पड़ता, वो सिर्फ वोट काटने आए हैं। बिहार को फिर जंगलराज में नहीं जाने देंगे।”
“कैमूर का बेटा हूं, यहां की हर सीट एनडीए जीतेगी”
मनोज तिवारी ने खुद को कैमूर का बेटा बताते हुए कहा कि यह उनका सम्मान है और वे चाहते हैं कि कैमूर का हर गांव तरक्की करे। उन्होंने जनता से अपील की कि जिस तरह 2015 में कैमूर की चारों सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी, इस बार भी एनडीए को सभी सीटों पर विजयी बनाएं।
राजद पर हमला, रोड शो में धमकी का आरोप
मनोज तिवारी ने राजद पर राज्य में अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके रोड शो के दौरान राजद समर्थकों ने गाड़ी रोकी और कट्टा लहराकर धमकी दी।
उन्होंने सवाल किया,
“क्या बिहार की जनता ऐसी सरकार चाहती है जहां लोग कट्टा लेकर सड़क पर धमकाते फिरें?”
उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसी ताकतों को जवाब दें और एनडीए को वोट दें।
मां मुंडेश्वरी धाम बनेगा बड़ा पर्यटन स्थल
जनसभा में मनोज तिवारी ने कहा कि एनडीए सरकार बिहार को विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि मां मुंडेश्वरी धाम को बड़ा पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में काम शुरू हो चुका है, जिससे यहां रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
कैमूर जिले की चारों सीटों पर इस बार भी त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है, लेकिन एनडीए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है।


