मालदा, 13 मार्च। यात्रियों को डिजिटल रेलवे सेवाओं से जोड़ने और यात्रा को अधिक आसान बनाने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने ‘रेलवन (RailOne)’ ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए सप्ताह-व्यापी जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान 6 मार्च से 12 मार्च 2026 तक पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के समग्र पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। अभियान के तहत मालदा टाउन, साहेबगंज, बरहरवा, तलझारी, राजमहल, भागलपुर और जमालपुर समेत कई स्टेशनों पर यात्रियों को ‘RailOne’ ऐप की उपयोगिता और सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई।
यात्रियों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की पहल
रेल अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को रेलवे की डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें RailOne ऐप का उपयोग करने के लिए प्रेरित करना था। इस ऐप के जरिए यात्री कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ एक ही प्लेटफॉर्म पर ले सकते हैं।
अभियान के दौरान यात्रियों को बताया गया कि RailOne ऐप के माध्यम से अनारक्षित और आरक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट खरीद, लाइव ट्रेन की स्थिति, पीएनआर स्टेटस, कोच पोजीशन की जानकारी और ‘रेल मदद’ के जरिए शिकायत या सहायता जैसी सुविधाएं आसानी से प्राप्त की जा सकती हैं। अधिकारियों ने इसे एक सुरक्षित और उपयोगकर्ता-अनुकूल डिजिटल मंच बताया, जो यात्रियों को स्मार्ट और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करता है।
स्काउट्स और गाइड्स ने यात्रियों की की मदद
मालदा टाउन और जमालपुर रेलवे स्टेशन पर भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के स्वयंसेवकों ने अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने यात्रियों को मोबाइल फोन में RailOne ऐप डाउनलोड करने, पंजीकरण करने और उसकी सुविधाओं को समझने में मदद की।
इसके अलावा वाणिज्य विभाग के निरीक्षकों और अन्य रेलवे कर्मचारियों ने भी स्टॉल के माध्यम से यात्रियों को ऐप के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
स्कूल-कॉलेज के छात्रों की भी भागीदारी
इस अभियान में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने रेलवे स्टेशनों पर लगाए गए जागरूकता स्टॉलों पर पहुंचकर ऐप के बारे में जानकारी प्राप्त की और इसे डाउनलोड कर पंजीकरण कराया।
ट्रेनों में भी यात्रियों को किया गया जागरूक
अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए कुछ ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों को भी RailOne ऐप के बारे में जानकारी दी गई। मालदा टाउन स्टेशन पर ट्रेन संख्या 13422 मालदा टाउन-नवद्वीप धाम एक्सप्रेस तथा जमालपुर स्टेशन पर ट्रेन संख्या 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर के यात्रियों को वाणिज्यिक कर्मचारियों और स्काउट्स-गाइड्स के स्वयंसेवकों ने ऐप के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया।
करीब तीन हजार यात्रियों ने किया ऐप इंस्टॉल
सप्ताह भर चले इस अभियान के दौरान विभिन्न स्टेशनों पर बड़ी संख्या में यात्रियों ने RailOne ऐप डाउनलोड कर पंजीकरण किया। रेलवे के अनुसार कुल 2,856 यात्रियों ने ऐप इंस्टॉल किया। इनमें मालदा टाउन स्टेशन पर 622, साहेबगंज में 495, भागलपुर में 730 और जमालपुर रेलवे स्टेशन पर 1,009 यात्रियों ने ऐप डाउनलोड किया।
डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में कदम
रेल अधिकारियों ने बताया कि मालदा मंडल यात्रियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और रेलवे सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। आने वाले समय में स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग रेलवे की डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकें।


