मसौढ़ी अंचल कार्यालय में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, एक लाख रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार

मसौढ़ी। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मसौढ़ी में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मसौढ़ी प्रखंड परिसर स्थित अंचल कार्यालय में तैनात राजस्व कर्मचारी राजा कुमार को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई मंगलवार को पटना से आई निगरानी विभाग की विशेष टीम ने की।

जानकारी के अनुसार, आरोपी राजस्व कर्मचारी दाखिल-खारिज के एक मामले में रिश्वत की मांग कर रहा था। जैसे ही वह तय रकम ले रहा था, उसी दौरान निगरानी विभाग की टीम ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ की गई और फिर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे पटना ले जाया गया है, जहां उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

नदौल गांव के रवीश कुमार ने की थी शिकायत
निगरानी विभाग के अनुसंधानकर्ता ने बताया कि नदौल गांव निवासी रवीश कुमार ने विभाग में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन में कहा गया था कि मसौढ़ी अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी राजा कुमार दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत की जांच के बाद निगरानी विभाग ने पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया और मंगलवार को अंचल कार्यालय में कार्रवाई करते हुए आरोपी को घूस लेते रंगेहाथ दबोच लिया।

कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं इस तरह की गतिविधियों में अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं।

  • Related Posts