दरभंगा में निगरानी का बड़ा एक्शन, कार्यपालक अभियंता बालेश्वर राम गिरफ्तार

आय से अधिक 90 लाख की संपत्ति का आरोप, कई ठिकानों पर छापेमारी

दरभंगा: बिहार के विभिन्न जिलों में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम लगातार भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में दरभंगा के ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल बिरौल में निगरानी की सात सदस्यीय टीम ने छापेमारी कर कार्यपालक अभियंता बालेश्वर राम को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद पटना ले गई टीम

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने कार्यालय के सभी कर्मियों के मोबाइल जब्त कर लिए और परिसर स्थित आवास की भी सघन तलाशी ली। प्रारंभिक पूछताछ के बाद अभियंता को पटना ले जाया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

निगरानी विभाग के डीएसपी शशि शेखर चौधरी ने बताया,
“कार्यपालक अभियंता के खिलाफ 90 लाख रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज है। कांड संख्या 14/26 के तहत जांच चल रही है। आरोप है कि पटना, बेतिया समेत अन्य शहरों में अवैध रूप से बड़ी रकम का निवेश किया गया है। इसी आधार पर अलग-अलग टीमों द्वारा छापेमारी की गई और उन्हें बिरौल आवास से हिरासत में लिया गया है।”

कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

जानकारी के अनुसार बालेश्वर राम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति को लेकर निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक विंध्याचल प्रसाद और शशि शेखर चौधरी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन कर छापेमारी की गई।

टीम ने दरभंगा के पंडासराय स्थित आवास से उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद डीएमसीएच में मेडिकल जांच कराई गई और सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अभियंता को पटना ले जाया गया।

पटना और बेतिया में भी तलाशी

निगरानी विभाग के सूत्रों के मुताबिक पटना स्थित उनके आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया गया है। वहीं दूसरी टीम ने बेतिया स्थित ठिकाने पर भी छापेमारी की। इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही संवेदकों और विभागीय कर्मियों में हड़कंप मच गया।

ताला तोड़कर ली गई तलाशी

गुरुवार देर शाम दरभंगा शहर के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड में बालेश्वर राम के किराए के मकान की सूचना मिली। निगरानी टीम वहां पहुंची तो कमरा बंद पाया गया, जहां कार्यालय का बोर्ड भी लगा था। दंडाधिकारी की मौजूदगी में ताला तोड़कर तलाशी ली गई और जरूरी दस्तावेज जब्त किए गए।

निगरानी विभाग अब बरामद दस्तावेजों और निवेश से जुड़े तथ्यों की गहन जांच कर रहा है। माना जा रहा है कि इस मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।


 

  • Related Posts

    पटना: नियोजन भवन में असिस्टेंट डायरेक्टर 5 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

    Share Add as a preferred…

    Continue reading