
मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले में पुलिस ने नशीली दवाओं और विदेशी करेंसी के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। लदनियां थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान के दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप, 11 लाख रुपये से अधिक नेपाली करेंसी, भारतीय मुद्रा और अन्य विदेशी करेंसी बरामद की गई है।
सीमा क्षेत्र में गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कड़हरवा गांव के पास घेराबंदी कर बाइक सवार ब्रह्मदेव कुमार राम को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसकी बाइक से 19 लीटर प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खाजेडीह चौक स्थित बबलू मेडिकल हॉल में छापेमारी की, जहां से संचालक बब्लू कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया गया। दुकान से 9 बोतल कोडीन सिरप और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
तीसरे आरोपी के ठिकाने से मिली विदेशी करेंसी
पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने शम्भू प्रसाद साह के ठिकाने पर छापेमारी की। वहां से भारी मात्रा में भारतीय और विदेशी मुद्रा बरामद हुई।
बरामद सामान
- 11,42,100 रुपये नेपाली करेंसी
- 750 रुपये नकली नेपाली करेंसी
- 5,33,101 रुपये भारतीय करेंसी
- 6 सऊदी रियाल
- 5 यूएई दिरहम
- प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप
- 3 मोबाइल फोन
नेपाल में ऊंचे दाम पर बेचते थे सिरप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में ब्रह्मदेव कुमार राम ने स्वीकार किया कि वह मेडिकल हॉल से कोडीन सिरप खरीदकर नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में ऊंचे दाम पर बेचता था। उसने यह भी बताया कि विदेशी और भारतीय मुद्रा के लेन-देन से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल इस अवैध कारोबार में किया जाता था।
पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। साथ ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
भारत-नेपाल सीमा से जुड़े इस मामले को पुलिस अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी के एंगल से भी जांच रही है।


