वैशाली: बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध शराब की सप्लाई करने में जुटे हैं। इसी कड़ी में वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक 12 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, महुआ-ताजपुर मुख्य मार्ग पर स्थित छतवारा पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान पता चला कि ट्रक में ‘कच्ची घानी’ तेल के डिब्बों के बीच बड़ी चालाकी से शराब छिपाकर रखी गई थी, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
4651 लीटर शराब, 489 कार्टून में छिपाकर ले जाई जा रही थी खेप
महुआ के एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 4651 लीटर है, जिसे 489 कार्टून में पैक किया गया था। तस्कर इसे पंजाब से लाकर कोलकाता पहुंचाने की फिराक में थे। ट्रक में करीब 1200 लीटर ‘राजधानी एक्सप्रेस कच्ची घानी’ तेल के डिब्बों के बीच शराब को छिपाया गया था, जिससे यह सामान्य मालवाहक वाहन लगे।
दो राज्यों के तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच शुरू
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इकबाल (पंजाब निवासी) और सन्नी कुमार (उत्तर प्रदेश निवासी) के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ जारी है।
महुआ थाना अध्यक्ष राजेश रंजन ने बताया कि यह मामला किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बिहार में इस खेप की सप्लाई किसे और कहाँ की जानी थी।
तस्करों के बदलते तरीके, पुलिस की सख्ती जारी
बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद से तस्कर लगातार नए हथकंडे अपनाते नजर आ रहे हैं। कभी फल-सब्जी, तो कभी तेल या अन्य सामान की आड़ में शराब की तस्करी की जा रही है। हालांकि, पुलिस भी लगातार सख्ती बरतते हुए ऐसे मामलों का खुलासा कर रही है।
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे न सिर्फ अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई, बल्कि तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने का भी रास्ता खुला है।


