भागलपुर।जिला परिषद में शुक्रवार को औपचारिक रूप से नेतृत्व परिवर्तन हो गया। उपाध्यक्ष प्रणव कुमार ने जिला परिषद अध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर लिया। यह पद उस समय रिक्त हुआ था जब पूर्व अध्यक्ष मिथुन कुमार नाथनगर विधानसभा से विधायक निर्वाचित होने के बाद पद छोड़ चुके थे।
अध्यक्ष पद खाली रहने के बाद उपाध्यक्ष प्रणव कुमार ने हाल ही में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी से मुलाकात कर लिखित अनुरोध दिया था कि परिषद के उपाध्यक्ष होने के नाते वे अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के अधिकारी हैं। डीएम ने यह प्रस्ताव पंचायती राज विभाग को भेज दिया।
इसके बाद पंचायती राज विभाग के उप सचिव गोविंद चौधरी ने भागलपुर डीएम को पत्र भेजकर निर्देश दिया कि नए अध्यक्ष के चुनाव तक उपाध्यक्ष प्रणव कुमार ही जिला परिषद अध्यक्ष के रूप में सभी प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों का संचालन करेंगे।
निर्देश जारी होने के बाद शुक्रवार को प्रणव कुमार ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। अब परिषद के सभी निर्णयात्मक व वित्तीय कार्यों की कमान उन्हीं के हाथ में होगी। परिषद से जुड़े कई लंबित कार्यों और भुगतान पर भी अब तेजी आने की उम्मीद है।


