पूर्णिया।डंगराहा ओपी के एएसआई रामदेव कुमार सिंह को स्थानीय लोगों द्वारा खदेड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद पूरा मामला तूल पकड़ गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पूर्णिया के प्रभारी एसपी सह अररिया एसपी अंजनी कुमार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए डंगराहा ओपी प्रभारी अमित कुमार और एएसआई रामदेव कुमार सिंह—दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एएसआई पर आरोप क्या था?
जांच में सामने आया कि एएसआई रामदेव मछली लदे वाहनों के चालकों से भयादोहन कर अवैध वसूली कर रहे थे। इससे आम जनता में पुलिस की छवि धूमिल हो रही थी। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल होते ही पुलिस मुख्यालय हरकत में आया।
FIR दर्ज, एएसआई गिरफ्तार
बायसी थानाध्यक्ष शिव कुमार पासवान के बयान पर बायसी थाना में एएसआई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
ओपी प्रभारी पर भी गिरी गाज
ओपी प्रभारी अमित कुमार पर अपने क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों पर नियंत्रण न रखने और लापरवाही बरतने का आरोप लगा। दोनों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस लाइन में भी चर्चा तेज है कि अवैध वसूली पर अब सख्त रवैया अपनाया जा रहा है और ऐसे मामलों पर शीर्ष स्तर से जीरो टॉलरेंस अपनाया जा रहा है।


