मधुबनी, 25 सितंबर 2025।मधुबनी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई हुई है। टीम ने गुरुवार को बाबूबरही थाना क्षेत्र के भूपट्टी चौक पर छापेमारी कर जिला नियोजन पदाधिकारी मुनाल कुमार चौधरी और ऑपरेटर राहुल कुमार को ₹30,000 की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
हाजीपुर निवासी से घूस की मांग
निगरानी विभाग के डीएसपी अमरेन्द्र हर विद्यार्थी ने प्रेस को जानकारी दी कि नियोजन पदाधिकारी और ऑपरेटर ने हाजीपुर निवासी एक संस्थान संचालक से प्रतिमाह ₹5,000 रिश्वत की मांग की थी। गुरुवार को दोनों अधिकारी ₹20,000 और ₹10,000 की घूस ले रहे थे। इसी दौरान निगरानी टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
पटना से पहुंची टीम
इस कार्रवाई के लिए निगरानी विभाग की टीम सीधे पटना से मधुबनी पहुंची थी। जैसे ही लेन-देन की पुष्टि हुई, अधिकारियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है।
जिले में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद मधुबनी जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। लोग इसे निगरानी विभाग की बड़ी सफलता मान रहे हैं। फिलहाल दोनों गिरफ्तार अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


