रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में शुक्रवार अहले सुबह निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने अकोढीगोला प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के डाटा ऑपरेटर चंदन कुमार शर्मा को 14,000 रुपये रिश्वत लेते हुए उसके आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ऑपरेटर पिछले तीन दिनों से टीम को लगातार चकमा दे रहा था, लेकिन शुक्रवार को पुलिस की घेराबंदी के आगे वह बच नहीं सका।
शिक्षक से वेतन निर्धारण के बदले मांगी थी रिश्वत
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी विंध्याचल प्रसाद ने बताया कि अकोढीगोला के शिक्षक सुनील कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रणव कुमार क्षेत्र के 10 शिक्षकों के वेतन निर्धारण के लिए प्रति शिक्षक 1500 रुपये, यानी कुल 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। बाद में सौदा 14 हजार रुपये में तय हुआ।
आज सुबह शिक्षक जैसे ही तय रकम लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के डाटा ऑपरेटर चंदन शर्मा के आवास पहुंचे, निगरानी टीम ने पहले से घेराबंदी कर रखी थी। जैसे ही ऑपरेटर ने पैसे लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
डाटा ऑपरेटर गिरफ्तार, BEO मोबाइल बंद कर फरार
ऑपरेटर की गिरफ्तारी की भनक मिलते ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रणव कुमार अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गए। निगरानी विभाग ने डेहरी के गांधीनगर स्थित उनके आवास पर भी छापेमारी की, लेकिन वे वहां नहीं मिले।
डीएसपी निगरानी ने बताया:
“शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी की गई। डाटा ऑपरेटर चंदन कुमार शर्मा को 14,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।”
गिरफ्तारी के बाद चंदन को निगरानी टीम पटना ले गई है।
शिकायतकर्ता ने बताया—’वेतन निर्धारण के लिए दबाव बनाया जा रहा था’
शिकायतकर्ता शिक्षक सुनील कुमार ने बताया कि वे मध्य विद्यालय बांका में पदस्थापित हैं। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और उनका डाटा ऑपरेटर विशिष्ट शिक्षकों के वेतन निर्धारण के एवज में लगातार रिश्वत की मांग कर रहे थे।
सुनील कुमार ने कहा:
“10 लोगों से प्रति व्यक्ति 1500 रुपये मांगे जा रहे थे। इसी के खिलाफ शिकायत की गई और कार्रवाई हुई।”
फरार BEO की तलाश जारी
निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया कि डाटा ऑपरेटर की गिरफ्तारी के बाद अब प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पर भी कार्रवाई आगे बढ़ेगी। टीम लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


