
किशनगंज, 20 फरवरी: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए Special Vigilance Unit (एसवीयू) की टीम ने सीमांचल के किशनगंज जिले में बाल विकास सेवा (ICDS) की सह प्रभारी डीपीओ अनीता कुमारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पौठिया के सीडीपीओ नागेंद्र कुमार की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने प्रारंभिक जांच की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद एसवीयू की आठ सदस्यीय टीम शुक्रवार को पटना से किशनगंज पहुंची और जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
टीम ने अनीता कुमारी को उनके निजी आवास से 50 हजार रुपये रिश्वत की राशि लेते हुए पकड़ा। बताया जा रहा है कि यह मामला किसी बड़ी विभागीय डील और लाभ से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि उन्होंने कुल 10 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए गए थे।
कार्रवाई के दौरान उनके आवास से लाखों रुपये अतिरिक्त नकद भी बरामद किए गए हैं। जब्त की गई राशि की गिनती और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
एसवीयू के डीएसपी लव कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को निगरानी मुख्यालय ले जाने की तैयारी की गई।
निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


