Patna University में छात्रसंघ चुनाव (PUSU) की तैयारियां तेज हो गई हैं। छात्र संगठनों के बीच बढ़ती सक्रियता और वर्चस्व की होड़ के बीच परिसर का माहौल संवेदनशील बना हुआ है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में बुधवार देर रात पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 छात्रों को गिरफ्तार किया।
छात्रावासों में सघन छापेमारी
पीरबहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों में मिली शिकायतों और चुनावी संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (सेंट्रल) के नेतृत्व में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पीरबहोर, गांधी मैदान, कदम कुआं, बुद्ध कॉलोनी और कोतवाली थाने की संयुक्त टीमों ने एक साथ कार्रवाई की। देर रात अचानक हुई छापेमारी से छात्रावासों में हड़कंप मच गया।
मिंटो छात्रावास से 8 छात्र गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मिंटो छात्रावास से 8 छात्रों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार सभी छात्र शराब के नशे में पाए गए, जिसकी पुष्टि मेडिकल जांच में हुई। पुलिस के पहुंचते ही कुछ छात्रों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। सभी को थाने ले जाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार छात्रों में साहिल कुमार उर्फ विष्णु का नाम भी शामिल है, जिसे पुलिस ने पहले हुए बमबाजी कांड का आरोपी बताया है। जानकारी के मुताबिक उसका संबंध साइंस कॉलेज हॉस्टल में हुए बमबाजी मामले से रहा है। इसके अलावा पीरबहोर थाना में दर्ज एक अन्य विस्फोटक अधिनियम से जुड़े मामले में भी कुछ आरोपियों के संबंध की जांच की जा रही है।
चुनावी सुरक्षा पर पुलिस सख्त
नगर पुलिस अधीक्षक (सेंट्रल) भानु प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा:
“आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।”
प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे चुनावी प्रक्रिया में शांतिपूर्ण तरीके से भाग लें और किसी भी उकसावे में न आएं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


