
Gopalganj जिले के मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित डुमरिया घाट पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। गंडक नदी पार करने के दौरान तीन किशोरियां तेज बहाव में लापता हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, तन्दसपुर गांव के कुछ लोग खेती के काम से गंडक नदी के उस पार गए थे। सभी लोग नाव के जरिए नदी पार कर रहे थे। लौटने के दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ नदी का बहाव बढ़ गया। इसी दौरान नाव डगमगाने लगी और अफरा-तफरी के बीच तीन किशोरियां गहरे पानी में समा गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चियां अपनी मां और अन्य ग्रामीणों के साथ नाव पर सवार थीं। अचानक संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ और देखते ही देखते तीनों नदी की तेज धार में लापता हो गईं।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही State Disaster Response Force (SDRF) और National Disaster Response Force (NDRF) की टीम मौके पर पहुंच गई। मोटर बोट और अन्य उपकरणों की मदद से नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि तेज बारिश और उफनती गंडक नदी के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कत हो रही है।
मोहम्मदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे भीड़ नहीं लगाने और सावधानी बरतने की अपील की है।
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद तन्दसपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुटे हुए हैं और लापता बच्चियों के मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।
सदर एसडीपीओ-2 सिधवलिया राजेश कुमार ने बताया कि मौसम खराब होने और नदी में तेज बहाव के कारण हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि लापता बच्चियों की तलाश लगातार जारी है और शव मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


