
दरभंगा।दरभंगा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक लिफ्ट में 60 वर्षीया महिला अचानक फंस गई। लिफ्ट ऊपर से नीचे आते समय बीच में रुक गई और अंदर मौजूद महिला बाहर नहीं निकल सकी।
करीब काफी देर तक महिला लिफ्ट में बंद रही, जिससे मौके पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
कुल्हाड़ी से काटा गया लिफ्ट का गेट
स्थिति गंभीर होती देख सुरक्षाकर्मियों ने कुल्हाड़ी और अन्य औजारों की मदद से लिफ्ट का गेट काटा। इसके बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे।
बेगूसराय की रहने वाली है महिला
रेस्क्यू की गई महिला की पहचान भारती कुमारी (60) के रूप में हुई है, जो बेगूसराय जिले के छतौना की रहने वाली हैं और इंदु शेखर सिंह की पत्नी हैं। लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद उन्हें प्राथमिक सहायता दी गई और फिर सुरक्षित घर के लिए रवाना किया गया।
लिफ्ट की तकनीकी खराबी पर उठे सवाल
घटना के बाद रेलवे की लिफ्ट व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यात्रियों ने मांग की है कि स्टेशनों पर लगे लिफ्ट और एस्केलेटर की नियमित तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न दोहराई जाएं।
गनीमत रही कि समय रहते रेस्क्यू हो गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।


