महावीर मंदिर ट्रस्ट ने तत्काल दी 2 लोगों को संचालन की जिम्मेदारी, सचिव की नियुक्ति तक संभालेंगे काम

महावीर मंदिर न्यास समिति के सदस्यों की आज बैठक बुलाई गई. 29 दिसंबर को महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव आचार्य किशोर कुणाल का निधन हो गया था. उनके निधन के बाद से ही इस बात की चर्चा थी कि अब इस ट्रस्ट का सचिव कौन होगा? आज की बैठक में आचार्य किशोर कुणाल के निधन को लेकर शोक प्रस्ताव पारित किया गया. जल्द ही महावीर मंदिर ट्रस्ट की अगली बैठक होगी जिसमें सचिव के नाम तय किए जाएंगे.

तत्काल संचालन के लिए 2 सदस्य अधिकृत

नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी के पूर्व वाइस चांसलर प्रोफेसर शिवाकांत झा से ईटीवी भारत में बातचीत की, उन्होंने जानकारी दी कि महावीर मंदिर न्यास समिति के सदस्यों की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस ट्रस्ट के तत्काल संचालन की जिम्मेवारी ट्रस्ट के सदस्य पूर्व मुख्य सचिव बीएस दुबे एवं लेफ्टिनेंट जनरल ए के चौधरी को देने पर सहमति बनी है. यह लोग तब तक ट्रस्ट के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे जब तक ट्रस्ट के सचिव पद पर किसी की नियुक्ति नहीं होती है.

शोक प्रस्ताव पारित

प्रो शिवाकांत झा ने बताया कि आचार्य किशोर कुणाल के निधन को लेकर महावीर मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने शोक प्रस्ताव पारित किया. शोक प्रस्ताव के माध्यम से आचार्य किशोर कुणाल के द्वारा महावीर मंदिर ट्रस्ट में दिए गए योगदान को याद किया गया. उन्होंने यह भी बताया कि आचार्य किशोर कुणाल के श्राद्धकर्म के बाद फिर से ट्रस्ट के सदस्यों की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें स्वर्गीय किशोर कुणाल के पुत्र सायन कुणाल या उनकी पत्नी अनीता कुणाल को इस समिति में शामिल किए जाने पर भी चर्चा हो सकती है. हालांकि, किसे कमेटी में रखना है या नहीं रखना है, यह कमेटी की बैठक में ही तय होगा.

कमेटी की संरचना

महावीर मंदिर न्यास समिति में 11 सदस्यों की कमेटी होती है. आचार्य किशोर कुणाल के निधन से पहले कमेटी में 10 सदस्य थे, लेकिन अब इस कमेटी में 9 सदस्य हैं. मौजूदा कमेटी में जस्टिस पीएन अग्रवाल अध्यक्ष हैं. कमेटी के अन्य सदस्य हैं: जस्टिस एसएन झा, पूर्व मुख्य सचिव बीएस दुबे, जस्टिस राजेंद्र प्रसाद, पूर्व आईएएस अधिकारी एनके सिंह, लेफ्टिनेंट जनरल एके चौधरी, पूर्व लॉ सेक्रेटरी वासुदेव राम, बोधगया बुद्धिस्ट मंदिर की सेक्रेटरी महाश्वेता महारथी, कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय के रिटायर्ड प्रोफेसर और नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर शिवाकांत झा.

आचार्य किशोर कुणाल का योगदान

महावीर मंदिर के निर्माण काल से लेकर अपने जीवन के अंतिम समय तक आचार्य किशोर कुणाल महावीर मंदिर न्यास समिति से जुड़े रहे. महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव रहते हुए उन्होंने इस ट्रस्ट के माध्यम से कई संस्थाओं की शुरुआत की. इस चैरिटेबल ट्रस्ट के तहत 9 अस्पतालों का संचालन किया जाता है. आचार्य किशोर कुणाल ने महावीर आरोग्य संस्थान, महावीर कैंसर संस्थान, महावीर वात्सल्य अस्पताल, महावीर नेत्रालय, महावीर वरिष्ठ नागरिक अस्पताल, विराट रामायण मंदिर, बच्चों के लिए महावीर बाल कैंसर संस्थान की शुरुआत की. इसके अलावा, महावीर मंदिर न्यास समिति द्वारा अयोध्या के राम मंदिर परिसर में राम रसोई एवं सीतामढ़ी स्थित माता जानकी मंदिर में सीता रसोई भी चलाई जाती है.

  • Related Posts

    अलीगढ़ में सनसनीखेज वारदात: प्रेमिका की हत्या के बाद प्रेमी ने बनाया ‘The End’ वीडियो, फिर ट्रेन के आगे कूदकर दे दी जान

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    पटना–गया रेलखंड पर दो दर्दनाक हादसे: ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत, सांप से बचने के दौरान हुआ बड़ा हादसा

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *