भागलपुर | 18 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को जबरदस्त राजनीतिक उत्साह देखने को मिला। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रत्याशी मिथुन यादव ने आज सदर अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया।
नामांकन के दौरान एनडीए के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में “मिथुन यादव जिंदाबाद” और “एनडीए की जीत तय है” जैसे नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में मिथुन यादव ने कहा —
“नाथनगर की जनता का हमें अपार समर्थन मिल रहा है। इस बार एनडीए की ऐतिहासिक जीत तय है। मैं क्षेत्र के विकास और युवाओं के रोजगार को अपनी पहली प्राथमिकता बनाऊंगा।”
नाथनगर में मिथुन यादव के नामांकन के साथ ही एनडीए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखने को मिला। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस सीट पर मुकाबला अब सीधा एनडीए और महागठबंधन के बीच सिमटता दिख रहा है।


