संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में शराब तस्करी का भंडाफोड़.. आरपीएफ–जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, 8 अंतरप्रांतीय तस्कर गिरफ्तार

सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम में आरपीएफ और जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नई दिल्ली–उड़ीसा डाउन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से शराब तस्करी के एक अंतरप्रांतीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त अभियान में आठ तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 108 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 8 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।

गुप्त सूचना के बाद बनी रणनीति

आरपीएफ को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 12820 संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से कुछ युवक पिट्ठू बैग में शराब लेकर गया जिले की ओर जा रहे हैं। चूंकि यह ट्रेन सासाराम स्टेशन पर नियमित रूप से नहीं रुकती है, इसलिए रेलवे के वरीय अधिकारियों से अनुमति लेकर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से ट्रेन का दो मिनट का विशेष ठहराव सुनिश्चित कराया गया।

प्लेटफॉर्म पर मचा हड़कंप

जैसे ही ट्रेन सासाराम स्टेशन पर रुकी, पहले से तैनात आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कोचों में तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान आठ युवक संदिग्ध हालत में मिले। जब उनके बैग की तलाशी ली गई, तो सभी में शराब की बोतलें बरामद हुईं।

गया जिले के रहने वाले हैं सभी आरोपी

पुलिस ने जिन तस्करों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान आदित्य, बादल कुमार, शिवम, रोहित, सन्नी राज, विकास, बिट्टू कुमार और पिंटू कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी गया जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ये लोग ट्रेन के जरिए शराब की तस्करी कर रहे थे।

ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत मिली सफलता

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा इन दिनों “ऑपरेशन सतर्क” के तहत सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी इस तरह की संयुक्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि ट्रेनों के जरिए होने वाली अवैध तस्करी पर लगाम लगाई जा सके।

फिलहाल सभी आरोपियों को जीआरपी के हवाले कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading