पवन सिंह को धमकी मामले पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की सफाई, हरि बॉक्सर ने आरोपों को बताया गलत

मुंबई/पटना: भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह को कथित धमकी मिलने का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। हाल ही में अभिनेता ने दावा किया था कि उन्हें धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं, जिनमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लिया गया था। अब इस पूरे मामले पर गैंग से जुड़ा बताया जा रहा व्यक्ति हरि बॉक्सर सामने आया है और उसने आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

ऑडियो संदेश जारी कर दी सफाई

सोशल मीडिया पर जारी एक ऑडियो संदेश में हरि बॉक्सर ने कहा है कि पवन सिंह को गैंग की ओर से किसी भी तरह की कॉल या धमकी नहीं दी गई है। उसने दावा किया कि इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम बेवजह जोड़ा जा रहा है

हरि बॉक्सर ने यह भी आशंका जताई कि पवन सिंह द्वारा ऐसा बयान देने के पीछे सुरक्षा कारण या अन्य उद्देश्य हो सकते हैं, लेकिन गैंग का इससे कोई संबंध नहीं है।

पवन सिंह के बयान को बताया भ्रामक

ऑडियो में हरि बॉक्सर ने आरोप लगाया कि पवन सिंह गैंग के खिलाफ बयान दे रहे हैं और थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है, जबकि गैंग की ओर से किसी प्रकार की धमकी नहीं दी गई। उसने दोहराया कि यह पूरा मामला गलत तरीके से पेश किया जा रहा है

धमकी की खबर कैसे आई सामने

गौरतलब है कि 6 दिसंबर को पवन सिंह को लेकर खबर सामने आई थी कि उन्हें धमकी भरे संदेश मिले हैं, जिनमें कथित तौर पर उन्हें अपना काम बंद करने और अभिनेता सलमान खान के साथ काम न करने की चेतावनी दी गई थी। उस वक्त पवन सिंह मुंबई में मौजूद थे।

इसके अगले दिन ही वह 7 दिसंबर को ‘बिग बॉस 19’ के ग्रैंड फिनाले में गेस्ट के तौर पर नजर आए थे, जिसके बाद यह मामला और चर्चा में आ गया।

जांच के दायरे में मामला

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी किसने दी थी और इसके पीछे क्या मंशा थी। मामला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के संज्ञान में है, और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।


 

  • Related Posts