राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़ी सेवाएं आम लोगों को तय समय सीमा में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 31 जनवरी 2026 को दरभंगा में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री-सह-मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग विजय कुमार सिन्हा करेंगे।
इस मौके पर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सी.के. अनिल, सचिव जय सिंह समेत राजस्व मुख्यालय के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन ऑडिटोरियम सह प्रेक्षा गृह, लहेरियासराय, दरभंगा में किया जाएगा।
प्रथम पाली में सुनी जाएंगी आमजनों की समस्याएं
कार्यक्रम की प्रथम पाली पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक होगी, जिसमें आमजनों की समस्याएं सुनी जाएंगी। इस दौरान राजस्व विभाग से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं, शिकायतों और उनके समाधान पर चर्चा की जाएगी।
कुछ मामलों में अंचलवार आवेदनों का चयन कर सीओ और राजस्व कर्मचारी को आवेदनकर्ता के सामने बैठाकर समस्या का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
इस सत्र में सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं अमीन उपस्थित रहेंगे। उपमुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं उपार्जित अवकाश को छोड़कर पूर्व में स्वीकृत सभी अवकाश निरस्त कर उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
सुबह 9 से 11 बजे तक होगा रजिस्ट्रेशन
आवेदनकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन सुबह 09:00 बजे से 11:00 बजे तक ऑडिटोरियम में अंचलवार बनाए गए दो काउंटरों पर किया जाएगा। आवेदन में अंचल का नाम, आवेदक का नाम, पूरा पता और मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करने की अपील की गई है।
साथ ही, यदि किसी समस्या को लेकर पहले अधिकारियों को आवेदन दिया गया है, तो उसकी प्रति भी संलग्न करने का अनुरोध किया गया है। सभी आवेदन जन शिकायत पोर्टल पर अपलोड कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी पाली में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक
कार्यक्रम की दूसरी पाली अपराह्न 3:30 बजे से 6:00 बजे तक होगी, जिसमें राजस्व विभाग के सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त, समाहर्ता, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, बन्दोबस्त पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होंगे।
बैठक में दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी समेत सभी ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति की आंकड़ों के साथ समीक्षा की जाएगी। साथ ही अभियान बसेरा-2 की प्रगति की विशेष समीक्षा होगी।
भूमि विवाद कम करने की दिशा में पहल
भूमि सुधार जन कल्याण संवाद के माध्यम से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की मंशा है कि ऑनलाइन सेवाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो, जिससे भूमि अभिलेख अद्यतन होंगे और राज्य में चल रहे भूमि सर्वेक्षण कार्य को भी गति मिलेगी। इससे भूमि विवादों में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
उपमुख्यमंत्री ने आमजनों को आश्वस्त किया है कि भूमि सुधार से जुड़े मामलों में किसी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। प्रमंडल और जिला स्तर पर लगातार समीक्षा कर अधिकारियों और कर्मचारियों को समय सीमा में मामलों के निष्पादन के निर्देश दिए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।


