दरभंगा में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: प्राइवेट ITI कॉलेज पर JCB से तोड़फोड़, फायरिंग; कई छात्र घायल, दो खोखा बरामद

दरभंगा, भालपट्टी थाना क्षेत्र:

जिले के भालपट्टी थाना अंतर्गत मुड़िया पंचायत के टाली गुमती इलाके में गुरुवार शाम जमीन विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवादित जमीन पर बने प्राइवेट आईटीआई कॉलेज पर दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक जेसीबी मशीन चढ़ाकर भारी तोड़फोड़ कर दी।
हमले के दौरान हॉस्टल में मौजूद कई छात्र घायल हो गए। कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

आईटीआई संचालक रहबर आलम ने गंभीर आरोप लगाया कि तोड़फोड़ के दौरान उनपर फायरिंग भी की गई। उन्होंने कहा कि यह हमला कॉलेज को कब्जे की नीयत से किया गया था।

पुलिस पहुंचने से पहले अपराधी फरार, दो खोखा बरामद

घटना की सूचना मिलते ही भालपट्टी थाना सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
मौके से फायरिंग के दो खोखे बरामद किए गए।
सदर डीएसपी ने भी फायरिंग की पुष्टि की है और कहा है कि मामले की गहन जांच जारी है।

पुराना जमीन विवाद बनी घटना की वजह

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस जमीन पर आईटीआई कॉलेज संचालित है, उस पर काफी समय से विवाद चल रहा था
गुरुवार शाम विरोधी पक्ष के लोग जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे और कब्जा जमाने की कोशिश की। उसी दौरान तोड़फोड़ और गोलीबारी हुई।

सूचना मिलने पर पुलिस गश्ती दल को भेजा गया, लेकिन अपराधी पुलिस पहुंचने से पहले ही फरार हो गए।

थानाध्यक्ष को लोगों के गुस्से का सामना

तोड़फोड़ और गोलीबारी की खबर फैलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
भालपट्टी थानाध्यक्ष धर्मानंद कुमार के पहुंचने पर लोगों ने उनके सामने ही नाराजगी जताई और दोषियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग की। लोगों का आरोप था कि पुलिस समय रहते नहीं पहुंची, जिसके कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा।

एसडीपीओ राजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे

देर शाम मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ राजीव कुमार घटनास्थल पर पहुंचे।
उन्होंने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए और आश्वासन दिया—

“मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनपर कड़ी कार्रवाई होगी।”

इसके बाद घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

घायल छात्रों का उपचार जारी

हॉस्टल में मौजूद जो छात्र घायल हुए थे, उनका स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।
आईटीआई प्रबंधन ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और कॉलेज की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

  • ये भी पढ़े..

    पूर्व रेलवे ने बढ़ाई यात्री सुरक्षा और सुविधा, भागलपुर समेत कई सेक्शनों में तकनीकी अपग्रेड पूरा

    Share Add as a preferred…

    OBC छात्राओं के लिए IIT पटना से कोचिंग सहयोग, मेडिकल-इंजीनियरिंग तैयारी को मिलेगा नया बल

    Share Add as a preferred…