सिंगापुर से भारत लौट रहे लालू यादव, एयरपोर्ट पर भावुक हुईं रोहिणी आचार्या; बोलीं- ‘पापा, जल्दी वापस आइएगा’

पटना/सिंगापुर: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव स्वास्थ्य जांच के बाद सिंगापुर से भारत लौट रहे हैं। करीब एक सप्ताह तक सिंगापुर में अपनी बेटी रोहिणी आचार्या के साथ समय बिताने के बाद शनिवार को जब वह भारत के लिए रवाना हुए तो एयरपोर्ट पर भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। पिता को विदा करते समय रोहिणी आचार्या भावुक हो गईं और बाद में सोशल मीडिया पर एक मार्मिक पोस्ट साझा कर अपने जज्बात जाहिर किए।

पिता को विदा करते वक्त भावुक हुईं रोहिणी

लालू प्रसाद यादव को सिंगापुर एयरपोर्ट छोड़ने पहुंचीं रोहिणी आचार्या ने पिता के रवाना होने के बाद सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि अपने पिता को अलविदा कहना उनके लिए कभी आसान नहीं होता।

रोहिणी ने लिखा,

“अगर जिंदगी एक किताब है, तो उसके सबसे खूबसूरत अध्याय आप हैं पापा। आज आप जा रहे हैं, लेकिन आपका प्यार और आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहेगा। जल्दी वापस आइएगा। हमारे घर की रौनक आप हैं। आपकी मौजूदगी, आपकी मुस्कान और मुझ पर आपका विश्वास मुझे आगे बढ़ने का हौसला देता है।”

रोहिणी की इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग साझा कर रहे हैं और पिता-पुत्री के रिश्ते की सराहना कर रहे हैं।

29 मई को पहुंचे थे सिंगापुर

बता दें कि लालू प्रसाद यादव 29 मई को दिल्ली से सिंगापुर पहुंचे थे। वहां उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच और मेडिकल फॉलो-अप कराया। सिंगापुर पहुंचने के दौरान वह अपनी बेटी रोहिणी के लिए बिहार से आम, लीची और लड्डू समेत कई उपहार भी लेकर गए थे।

इन उपहारों को पाकर रोहिणी काफी खुश नजर आई थीं और उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अपनी खुशी जाहिर की थी।

तेजस्वी के बेटे के जन्मदिन में नहीं पहुंचीं रोहिणी

गौरतलब है कि 27 मई को गाजियाबाद में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पुत्र इराज का पहला जन्मदिन मनाया गया था। इस पारिवारिक समारोह में लालू परिवार के अधिकांश सदस्य मौजूद रहे, लेकिन रोहिणी आचार्या इसमें शामिल नहीं हो सकी थीं।

रोहिणी ने ही पिता को दी थी किडनी

वर्ष 2022 में लालू प्रसाद यादव का सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उस समय उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने उन्हें अपनी एक किडनी दान कर नई जिंदगी दी थी। इसके बाद से लालू यादव समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और फॉलो-अप के लिए सिंगापुर जाते रहते हैं।

रोहिणी आचार्या अपने पति और बच्चों के साथ सिंगापुर में रहती हैं और पिता के स्वास्थ्य की लगातार देखभाल करती रही हैं।

सोशल मीडिया पर चर्चा में पिता-पुत्री का रिश्ता

लालू यादव की वापसी से पहले रोहिणी का भावुक संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। समर्थक इसे पिता-पुत्री के अटूट रिश्ते और परिवार के मजबूत भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बता रहे हैं।

  • ये भी पढ़े..

    पटना में बड़ा एक्शन: 4 अस्पताल और 1 होटल होंगे सील, खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट को भी चेतावनी

    Share Add as a preferred…

    प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह! 6 बच्चों की मां की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी प्रेमी परिवार समेत फरार

    Share Add as a preferred…