“लालू यादव बाबासाहेब के विचारों पर चलते हैं, अपमान का सवाल ही नहीं”: मुकेश सहनी का BJP को करारा जवाब

बक्सर (बिहार): विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर लगे बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर के अपमान के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। सहनी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर पलटवार करते हुए कहा कि “लालू यादव बाबासाहेब के विचारों को लेकर चलते हैं, उनके अपमान की कल्पना तक नहीं की जा सकती।”

“बाबा साहेब हमारे दिल, आत्मा और सोच में बसे हैं” – सहनी

बक्सर में मीडिया से बात करते हुए मुकेश सहनी ने कहा:

“हम लोग तकलीफ झेलकर भी बाबासाहेब के सपनों को साकार करने की राह पर हैं। उनका अपमान करने की सोच भी नहीं सकते। जो लोग बाबासाहेब को नहीं मानते, वही उनका अपमान कर सकते हैं।”

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद संसद में बाबासाहेब का अपमान किया था, जब उन्होंने कहा था कि “अंबेडकर का नाम अब फैशन बन गया है।”

प्रशांत किशोर के बयान पर भी किया कटाक्ष

जन सुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर द्वारा महागठबंधन के आगामी विधानसभा चुनाव में चौथे स्थान पर आने की भविष्यवाणी पर मुकेश सहनी ने व्यंग्य करते हुए कहा:

“जो व्यक्ति चार सीटों पर भी चुनाव नहीं लड़ पाया, वह अब 243 सीटों की बात कर रहा है। आगामी चुनाव में हम लोग जीत रहे हैं और बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी।”

शहीदों के परिजनों से मिलकर दी श्रद्धांजलि

बक्सर दौरे के दौरान मुकेश सहनी शहीद जयशंकर चौधरी और शहीद सुनील सिंह के पैतृक घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की और शहीदों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सहनी ने कहा:

“जिस मिट्टी में ऐसे रणबांकुरे जन्म लें, वह धरती बलिदान और शौर्य की प्रतीक बन जाती है। उनकी शहादत हमारी नसों में लहू बनकर बहती रहेगी और आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्य और देशप्रेम की प्रेरणा देती रहेगी। भारतवर्ष सदा उनका ऋणी रहेगा।”

  • Related Posts

    पटना में LPG को लेकर हंगामा, गैस एजेंसी ने लगाया डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर आरोप

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *