भागलपुर, 2025।दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने ‘लैंड फॉर जॉब’ मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार को दोषी करार दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद भाजपा ने लालू परिवार पर तीखा हमला बोला।
भागलपुर के एक स्थानीय होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा, “आज एक बार फिर लालू प्रसाद यादव ने बिहार को कलंकित करने का काम किया है। सार्वजनिक संपत्ति में हेराफेरी और नौकरी के नाम पर जमीन खरीदने जैसे भ्रष्टाचार के मामलों में लालू परिवार दोषी पाया गया। जो व्यक्ति सरकारी संपत्ति में हेराफेरी करता है और नौकरी के नाम पर घोटाला करता है—वह आज फिर से बिहार की सत्ता का सपना देख रहा है। ऐसे लोग ना संविधान को मानते हैं और ना ही बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों को।”
उन्होंने आगे कहा, “राजद अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गठबंधन में है, जबकि पश्चिम बंगाल में एक दलित नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ, लेकिन इस पर न तो लालू यादव और न ही तेजस्वी यादव ने कोई प्रतिक्रिया दी। यह साबित करता है कि लालू-तेजस्वी को दलितों की इज्जत से ज्यादा गठबंधन की राजनीति प्रिय है।”
लाल सिंह आर्य ने ममता बनर्जी के एक विवादित बयान की भी निंदा की, जिसमें उन्होंने कहा था कि “औरत को रात में घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए।” आर्य ने इसे “नारी सम्मान के खिलाफ और ओछी मानसिकता का बयान” बताया।
भाजपा नेता ने कहा कि बिहार में चुनावी राजनीति में भ्रष्टाचार और कानून का उल्लंघन करने वाले लोग सत्ता के लिए राजनीति कर रहे हैं, जबकि ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होना चाहिए। उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसे नेताओं को किसी भी हाल में समर्थन नहीं देना चाहिए।


