भागलपुर।तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। दीपावली के बाद विश्वविद्यालय में चली 10 दिन की छुट्टियों के दौरान चोरों ने लाखों रुपए मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चुरा लिए। चोरी गए सामानों में इनवर्टर, बैटरियां, पानी की मोटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स शामिल हैं।
केंद्रीय पुस्तकालय के प्रभारी आनंद कुमार झा ने बताया कि छुट्टियों के कारण पुस्तकालय बंद था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि चोर बड़ी चालाकी से अंदर घुसे और पंखे, एसी, कंप्यूटर तक खोल ले गए। किताबों के ढेर का सहारा लेकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
प्रभारी ने आशंका जताई कि पुस्तकालय के आसपास रहने वाले कुछ स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हो सकती है, लेकिन वे कुछ बताने से परहेज कर रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि पुस्तकालय में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, क्योंकि छुट्टियों के दौरान वहां कोई सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं रहता।
इस घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरे मामले की जानकारी ली है और जांच की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।


